Sunday, 30 December 2012

सर्वर को लगी 'ठंड', उम्मीदों पर तुषारापात


-हजारों अभ्यर्थी नहीं भर सके शिक्षक भर्ती फार्म

-सर्वर बैठने से निराश हुए अभ्यर्थी

-विक्रांत रविवार को आइटी चौराहा स्थित साइबर कैफे पर शिक्षक भर्ती फार्म भरने के लिए जुगत करते रहे, लेकिन फार्म नहीं भरा जा सका।
-हुसैनगंज स्थित साइबर कैफे में निर्भय व सुमेधा भी फार्म भरने में माथापच्ची करते रहे, लेकिन सर्वर दगा दे गया और उन्हें निराश होना पड़ा।
-गायत्री भी आइटी चौराहा स्थित साइबर कैफे में पूरा दिन फार्म भरने की जिद्दोजहद करती रहीं। सर्वर डाउन होने से वह फार्म न भर सकीं। वह 32 जिलों से आवेदन करना चाहती थीं, लेकिन 20 जगह से ही आवेदन कर सकी हैं।
शिक्षक भर्ती फार्म भरने वाले आवेदकों को रविवार को सर्वर ने खूब रुलाया। अंतिम तिथि सोमवार को होने के कारण दिन भर अभ्यर्थी जुटे रहे, लेकिन उनकी कोई भी कोशिश काम न आ सकी। रविवार को फार्म भरने की साइट http://upbasiceduboard.gov.in/ पर बोझ अधिक होने के कारण यह सुचारु रूप से काम नहीं कर रही थी। इससे आवेदकों को खासी दिक्कत हुई। हजारों आवेदक फार्म भरने से रह गए, जिससे उनकी उम्मीदों पर तुषारापात हो गया।
आवेदकों को डर है कि यदि सोमवार को भी सर्वर का भी यही हाल रहा तो फार्म भरने का मौका भी उनके हाथ से जाएगा और पैसे बर्बाद होंगे सो अलग। आवेदन करने की अंतिम तिथि के एक दिन पहले राजधानी के हर साइबर कैफे में शिक्षक भर्ती फार्म भरने वाले अभ्यर्थियों की भीड़ रही। वह फार्म भरने का प्रयास करते रहे, लेकिन फार्म भर न सके। अभ्यर्थियों ने मांग की है कि आवेदन की तारीख बढ़ाई जाए, जिससे कि वह फार्म भर सकें।

संवाद सूत्र, लखनऊ

No comments:

Post a Comment