Tuesday, 11 December 2012

शासन द्वारा उच्चीकृत 449 हाईस्कूलों में शिक्षकों के नए पदों के लिए राजाज्ञा जारी

उच्चीकृत स्कूलों को मिलेंगे प्रधानाचार्य
शासन द्वारा 449 हाईस्कूलों के लिए राजाज्ञा जारी
बी. सिंह
इलाहाबाद। प्रदेश में गत वर्ष नए उच्चीकृत 449 हाईस्कूलों के लिए प्रधानाचार्यो तथा शिक्षकों के नए पदों के सृजन की राजाज्ञा शासन द्वारा जारी कर दी गई है। इन स्कूलों में 225 प्रधानाध्यापिका व 224 प्रधानाध्यापकों के पद सृजित किए जाने हैं। इसके अलावा 5000 स्नातक प्रशिक्षित अध्यापकों (टीजीटी) के भी पद सृजित किए जाएंगे। सरकार के इस निर्णय के बाद उच्चीकृत हाईस्कूलों को प्रधानाध्यापक तथा शिक्षक मिल जाएंगे। अभी तक इन स्कूलों में राजकीय इंटर कालेजों से उधार शिक्षकों के सहारे पढ़ाई की जा रही थी। अब नए पदों की स्वीकृति के बाद अध्यापकों की कमी खत्म हो जाएगी व नए प्रधानाध्यापक भी नियुक्त होंगे। इसके बाद जो राजकीय इंटर कालेजों से अध्यापक इन स्कूलों में भेजे गए थे उन्हें अपने मूल विालय में वापस बुला लिया जाएगा।
यहां उल्लेखनीय है कि गत वर्ष 2010-11 में बसपा सरकार ने प्रदेश में 449 जूनियर स्कूलों को राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत उच्चीकृत करके हाईस्कूल बना दिया था। किन्तु शिक्षकों की नियुक्तियां नहीं की गयी थीं। सपा सरकार ने इस समस्या को दूर करने तथा इन स्कूलों में सही ढंग से पढ़ाई होने के लिए प्रधानाध्यापकों तथा शिक्षकों के कुल 449 नए पदों को सृजित करने की राजाज्ञा पिछले दिनों जारी कर दी है। नए शिक्षकों के पदों का सृजन और नियुक्ति राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत ही की जायेगी। शासन द्वारा जारी राजाज्ञा के अनुसार इन स्कूलों में 449 प्रधानाध्यापकों की नियुक्ति करने के साथ ही 2500 महिला शिक्षकों तथा 2500 पुरुष शिक्षकों की नियुक्ति की जानी है। प्रति स्कूल में कम से कम सात अध्यापकों तथा एक लिपिक और दो कर्मचारियों की नियुक्ति होनी है। शिक्षा विभाग की सूचनानुसार यह कार्यवाही अगले शैक्षिक सत्र तक पूरी की जाने का लक्ष्य तय किया गया है।

No comments:

Post a Comment