Tuesday, 4 December 2012

449 नए राजकीय हाई स्कूलों में होंगी 5000 भर्तियां


लखनऊ (ब्यूरो)। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान (आरएमएसए) के तहत वित्तीय वर्ष 2011-2012 में खुले 449 राजकीय हाई स्कूलों में 5000 भर्तियां की जाएंगी। स्कूलों में पद सृजन का आदेश शासन ने जारी कर दिया है। माध्यमिक शिक्षा सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा द्वारा जारी शासनादेश में प्रति स्कूल 9 पदों का सृजन किया गया है। इनमें 7 शिक्षक, 1 प्रधानाध्यापक, 1 लिपिक के अलावा सेवा प्रदाता के माध्यम से प्रति स्कूल 2 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी होंगे।
गत जून में खुले इन स्कूलों में फिलहाल एक-एक शिक्षकों के भरोसे पढ़ाई हो रही है।
यहां शिक्षक ही प्रधानाध्यापक से लेकर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी तक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इन स्कूलों में सर्वाधिक स्कूल अल्पसंख्यक बाहुल्य और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में खोले गए हैं। ऐसे में सरकार की प्राथमिकता इन क्षेत्रों में खोले गए स्कूलों में स्टाफ समेत सभी सुविधाएं मुहैया कराने की है। वर्तमान में सैकड़ों राजकीय विद्यालय प्रधानाध्यापक एवं प्रधानाचार्य विहीन हैं। वर्ष 2000 के बाद से प्रधानाध्यापकों की पदोन्नति प्रधानाचार्य पदों पर नहीं हो पाई है। प्रदेश के 560 राजकीय इण्टर कॉलेजों में लगभग सभी कॉलेज प्रधानाचार्य विहीन हैं। आरएमएस के तहत पिछले तीन वित्तीय वर्ष 2009-10 में 254, 2010-11 में 318 और 2011-12 में 449 सहित कुल 1021 माध्यमिक विद्यालय खोले गए हैं। एल टी संवर्ग राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में भर्ती का स्रोत संवर्ग है लेकिन 1999 से इस संवर्ग में कोई भर्ती नहीं हुई है। महिला संवर्ग में लगभग एक वर्ष पूर्व नियुक्तियां प्रारम्भ हुई लेकिन 10 प्रतिशत पद अभी भी नहीं भरे जा सके हैं।
50 फीसदी पद आरक्षित
स्कूलों में पद सृजन के संबंध में जारी शासनादेश में 50 फीसदी पद महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है। इसमें प्रधानाध्यापक और सहायक शिक्षक (एलटी) के पद शामिल हैं। ऐसे में 225 प्रधानाध्यापिका, 224 प्रधानाध्यापक, 1575 शिक्षिका, 1568 शिक्षकों की नियुक्ति होगी। 449 कनिष्ठ लिपिक और सेवा प्रदाता के माध्यम से 898 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की तैनाती होगी।
वेतनमान निर्धारित
शासनादेश में प्रधानाध्यापक, सहायक शिक्षक और कनिष्ठ लिपिक का वेतनमान भी निर्धारित कर दिया गया है। 15600-39100 (ग्रेड वेतन 5400 रुपये), सहायक शिक्षक (एलटी) 9300-34,800 (ग्रेड वेतन 4600 रुपये) और कनिष्ठ लिपिक का 5200-20200 (ग्रेड वेतन 1900 रुपये) निर्धारित किया गया है।
पद सृजन का शासनादेश जारी
सभी केन्द्र::: 4 दिसंबर
अमर उजाला ब्यूरो

No comments:

Post a Comment