बीपीएड के लिए लगाई दौड़
आंध्र प्रदेश के छात्रों ने महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, गुजरात के बाद यूपी में किया आवेदन
• अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। आंध्र प्रदेश के छात्र बीपीएड के लिए कई राज्यों की दौड़ लगा रहे हैं। प्राइमरी स्कूलों में शारीरिक शिक्षा का शिक्षक अनिवार्य होने से बीपीएड की मांग बढ़ गई है। संस्थान और सीटें कम होने के कारण आंध्र प्रदेश के युवा महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और गुजरात के बाद अब यूपी से भी बीपीएड कर रहे हैं। सीसीएसयू से बीपीएड करने के लिए 10 छात्रों ने आवेदन किया है। इनका फिटनेस टेस्ट हो चुका है।
चौधरी चरण सिंह विवि में फिजिकल एजूकेशन के प्रोफेसर ऋषिपाल सिंह ने बताया कि आंध्र प्रदेश सरकार ने प्राइमरी स्कूलों में शारीरिक शिक्षा का एक शिक्षक होना अनिवार्य कर दिया है। इसलिए बीपीएड करने वाले युवाओं को नौकरी के दरवाजे खुल गए। आंध्र प्रदेश में बीपीएड करने वालों की संख्या बढ़ने से संस्थान कम पड़ गए। इस वजह से छात्रों ने महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और गुजरात का रुख किया। चौ. चरण सिंह विवि के सेल्फ फाइनेंस कालेजों से बीपीएड करने के लिए अभ्यर्थी आए हैं। इन छात्रों को एक फायदा यह फीस कम होने का भी मिलेगा। परीक्षार्थियों को भाषा की दिक्कत नहीं होगी। हिंदी और अंग्रेजी माध्यम में पेपर होता है। गौरतलब है कि दूसरे राज्यों के विद्यार्थियों का कोटा 10 प्रतिशत तक होता है।

No comments:
Post a Comment