जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : छात्रों में मुफ्त लैपटॉप-टैबलेट दिए जाने की प्रदेश सरकार की चुनावी घोषणा को शिक्षण संस्थान अमली जामा पहनाएंगे। विद्यार्थियों को कोई भी आवेदन नहीं करना है। सोमवार को सेंट एंथोनी गर्ल्स इंटर कॉलेज में हुई बैठक में लैपटॉप-टैबलेट वितरण की तैयारियों पर चर्चा की गई। जिले के कॉलेज, महाविद्यालयों और विश्र्वविद्यालय के नुमाइंदे इसमें शामिल थे। अध्यक्षता जिला विद्यालय निरीक्षक ने की। उन्होंने बताया कि सभी शिक्षण संस्थाओं को यूजर आईडी और पासवर्ड जारी किया गया है। इस यूजर आईडी और पासवर्ड के सहारे लैपटॉप-टैबलेट वितरण के लिए तैयार की गई वेबसाइट पर पात्र विद्यार्थियों का ब्यौरा दर्ज कराया जाएगा। ऑनलाइन डाटा फीडिंग का पहला चरण 15 मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके तहत राजकीय शैक्षिक संस्थानों और राज्य द्वारा वित्त पोषित संस्थानों को सबसे पहले छात्र-छात्राओं का ब्यौरा 15 मार्च तक उपलब्ध करा देना है। वित्त विहीन संस्थाओं को 30 मार्च तक विद्यार्थियों का ब्यौरा वेबसाइट पर उपलब्ध करा देना है। बैठक में 68 महाविद्यालयों ने प्रतिभाग किया। वरिष्ठ कोषाधिकारी, डीआईओएस, जिला क्रीड़ा सचिव अजय सिंह यादव की मौजूदगी उल्लेखनीय रही।

No comments:
Post a Comment