Friday, 16 November 2012

अगले साल तक टली टीजीटी-पीजीटी परीक्षा


वरिष्ठ संवाददाता, इलाहाबाद : माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड द्वारा विज्ञापित प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) व प्रवक्ता (पीजीटी) परीक्षा-2011 फिलहाल इस साल नहीं होगी। चयन बोर्ड में सदस्यों के 10 में से सात पद खाली हैं। चयन बोर्ड की तैयारी और वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए दिसंबर तक परीक्षा करा पाना असंभव लग रहा है। चयन बोर्ड के अधिकारी भी दबी जुबान इस बात को स्वीकार कर रहे हैं। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण अध्यक्ष का कार्य देख रहे सदस्य डॉ. धनंजय गुप्ता का कार्यकाल फरवरी में व एक सदस्य का कार्यकाल दिसंबर में खत्म होना है।
माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने नवंबर 2011 में प्रशिक्षित स्नातक के 1479 व प्रवक्ता के 393 पदों के लिए आवेदन मांगे थे। बाद में आवेदन की तिथि बढ़ाकर छह फरवरी 2012 कर दी गई थी। फरवरी तक चली आवेदन प्रक्रिया में 2 लाख 75 हजार टीजीटी व 2 लाख 25 हजार के लगभग अभ्यर्थियों ने पीजीटी के लिए आवेदन किए। कुल मिलाकर पांच लाख के लगभग आवेदन पत्र आए हैं। अभी तक आवेदन पत्रों की फीडिंग का काम चल रहा है। बोर्ड सूत्रों की मानें तो सेंटर एलॉटमेंट की प्रक्रिया और विषयवार अभ्यर्थियों का डेटा तैयार करने की प्रक्रिया में कम से कम एक माह का समय लगता है। यह तब संभव है जब विषयवार डेटा तैयार करने के बीच सेंटर मांगने की प्रक्रिया भी समानांतर चलती रहे। इसके बाद पूरा डेटा आने और परीक्षा की तिथि तय करने के बाद प्रवेश पत्र जारी करने के लिए भी एक माह का समय चाहिए। पेपर तैयार करने की प्रक्रिया में भी कुछ समय लगेगा। चयन बोर्ड में यदि आज की तारीख से ही सभी सदस्यों और अध्यक्ष के रिक्त पद भर दिए जाएं तो भी इन सभी प्रक्रिया को पूरा करने में कम से कम तीन माह का समय लगेगा। फरवरी तक यदि सदस्यों और अध्यक्ष के रिक्त पद नहीं भरे गए तो चयन बोर्ड में सिर्फ दो सदस्य ही बचेंगे। आधा नवंबर बीत गया है। यदि अभी से परीक्षा कराने की कवायद शुरू भी कर दी जाय तो भी फरवरी के पहले कोई तिथि तय कर पाना मुश्किल लग रहा है। मार्च से यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं चयन बोर्ड यदि मार्च के पहले परीक्षा नहीं करा पाया तो यह परीक्षा मई-जून 2013 में खिसक सकती है।
हालांकि माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के सचिव वंशगोपाल मौर्या परीक्षा जनवरी तक हर हाल में कराने का दावा करते हैं। उनका कहना है कि परीक्षा जल्द से जल्द कराने का प्रयास किया जा रहा है पर पूरी प्रक्रिया में कम से कम अभी दो माह का और समय लगेगा।
Updated on: Fri, 16 Nov 2012 08:41 PM (IST)

No comments:

Post a Comment